देहरादून । 10वीं उत्तराखंड स्टेट डैफ चैस चैंपियनशिप राजा रोड स्थित सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज गीता भवन में आयोजित की गई। इसमें उत्तराखंड स्पोर्ट्स सोसायटी फॉर द डेफ, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) संचालक मुनीशाभा सेवा सदन पुनर्वास संस्थान, उत्तराखंड डेफ वेलफेयर एसोसिएशन, दून डिफरेंटली एबल्ड ट्रस्ट और समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) का सहयोग रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दिव्यांगजन आयुक्त, अपर सचिव समाज कल्याण, प्रबंध निदेशक बहुउद्देशीय वित्त एवं विकास निगम प्रकाश चंद्र रहे। जबकि विशेष अतिथि के रूप में सनातन धर्म गीता भवन समिति अध्यक्ष राकेश ओबेरॉय, इलाहाबाद बैंक में मुख्य प्रबंधक रहे विजय पंचवाल, उत्तराखंड स्पोर्ट्स सोसाइटी फॉर द डैफ के सदस्य अनिल जैन, प्रांत महिला प्रमुख सक्षम एवं सदस्य बाल न्यायालय निरुपमा सूद, नोडल अधिकारी आईटी सेल समाज कल्याण, उप महाप्रबंधक बहुउद्देशीय वित्त एवं विकास निगम गोर्धन, उत्तराखंड डेफ वेलफेयर एसोसिएशन अध्यक्ष उमेश ग्रोवर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रकाश चंद्र ने उपस्थित सभी श्रवण बाधित प्रतिभागी जनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी दिव्यांगजन अपनी विभिन्न आकांक्षाओं के साथ आगे बढ़ते हैं। उनकी आकांक्षाओं के अनुरूप हमें उन्हें सुविधा एवं आगे बढ़ने का अवसर देना होगा। प्रतिभागियों के विकट परिस्थिति में प्रतिभाग करने की उत्सुकता को देखते हुए उन्होंने कहा कि सभी जिलों में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र संचालित हो रहे हैं और प्रत्येक जिले में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र एवं खेल विभाग के माध्यम से सभी दिव्यांगों के खेलों का आयोजन भिन्न जिलों में किया जा सकता है एवं उनकी प्रतिभाओं को प्रांतीय स्तर पर प्रचारित-प्रसारित किया जा सकता है।

उन्होंने बताया वह ज्यादा से ज्यादा दिव्यांग जनों के इस योजना में कार्य करना चाह रहे हैं। शीघ्र ही समस्त उत्तराखंड में दिव्यांगजनों के लिए बहुत कुछ करने के लिए हम तत्पर हैं। उन्होंने दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने के लिए उनके लिए आजीविका मिशन की भी चर्चा की, जिससे दिव्यांगजनों को प्रशिक्षण देकर उनको आजीविका से जोड़ा जा सके। दिव्यांग जनों की जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र तक सुगम पहुंच के लिए भी उन्होंने निर्देशित किया।
जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण भी इस दौरान किया गया। उन्होंने जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र देहरादून के कार्यों की सराहना की तथा जिले के विभिन्न विकासखंडों में दिव्यांगजनों को किसी प्रकार की योजनाओं के लाभ लेने संबंधित परेशानी न हो, उसके लिए भी निर्देशित किया।
ओबेराय मोटर्स के मालिक राकेश ओबेरॉय ने बताया कि दिव्यांगजनों के लिए संस्थान हमेशा खुला है और यहां पर नियमित रूप से दिव्यांगजनों के लिए हो रही गतिविधियों में हमारी हरसंभव सहायता मिलेगी। इसके अतिरिक्त सनातन धर्म गीता भवन के सचिव नांगलिया जी ने भी सभी श्रवण बाधित जनों को आशीष वचन दिया।
कार्यक्रम का संचालन जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के नोडल अधिकारी अनंत प्रकाश ने किया। उन्होंने बताया कि जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र देहरादून समय-समय पर दिव्यांग जनों के सर्वांगीण विकास में उपयोगी विभिन्न खेल शिक्षा व्यावसायिक प्रशिक्षण एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का संचालन जिले के भिन्न-भिन्न विकास खंडों में नियमित रूप से कर रहा है। इसी क्रम में विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी दसवीं उत्तराखंड प्रांतीय चेस चैंपियनशिप का आयोजन उत्तराखंड स्पोर्ट्स सोसायटी फॉर द डेफ के संयुक्त तत्वाधान में किया गया है। हमारे दिव्यांगजन भिन्न-भिन्न अवसर पर अपने हुनर को समाज में लाना चाहते हैं और हमारा कर्तव्य है समाज को समावेशित करने में ऐसी गतिविधियों का निरंतर आयोजन होते रहना चाहिए।
श्रवण बाधित चैस चैंपियनशिप खेल को संचालित कर रहे जल संस्थान देहरादून में कार्यरत समन्वयक शक्ति भुवन सिंह पुंडीर ने बताया कि इस प्रतियोगिता में समस्त उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से श्रवण बाधित जनों को प्रतिभा करना था। मौसम खराब होने के कारण कम ही प्रतिभागी इसमें प्रतिभाग कर पाए हैं, जिनमें हरिद्वार, देहरादून एवं नैनीताल जिले के ही श्रवण बाधित जन प्रतिभाग कर सके हैं।
चैस चैंपियनशिप में जूनियर बालक टीम में अभय विजेता रहे, दूसरे नंबर पर भावेश एवं तृतीय श्रेणी सखम ने प्राप्त की। सीनियर बालक टीम में प्रथम पुरस्कार गीतेश तिवारी, द्वितीय पुरस्कार आर्यन एवं तृतीय पुरस्कार नितिन गुप्ता ने प्राप्त किया। सीनियर बालिका टीम में प्रथम पुरस्कार अदिति जुयाल, द्वितीय पुरस्कार ख्वाहिश गुप्ता एवं तृतीय पुरस्कार शिवानी पुंडीर ने प्राप्त किया। अंत में सभी श्रवण बाधित प्रतिभािगियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रांतीय स्तर पर जीतने वाले खिलाड़ियों को आगे राष्ट्रीय स्तर के लिए भेजने की तैयारियों पर चर्चा भी की गई।
कार्यक्रम में 26 श्रवण बाधित बालक बालिकाओं ने प्रतिभा किया। एवं जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के कर्मचारी गण क्रमशः सलोनी आनंद अरोड़ा मनोचिकित्सक, कैलाश चौहान भौतिक चिकित्सक, दिनेश रावत प्रोस्थेटिक ऑथेंटिक टेक्नीशियन, मोनिका शर्मा वोकेशनल काउंसलर, अनुराधा केयर गिवर उत्तम टॉक अकाउंटेंट, सहायक एवं मैसेंजर उमेश ग्रोवर, यागवेंद्र भारतीय सांकेतिक भाषा अनुवादक एवं शिक्षक एवं उत्तराखंड ब्लाइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन के समन्वयक मयंक जोशी (पूर्णतः प्रज्ञा चक्षु), परवीन रोहित एवं उत्तराखंड स्पोर्ट्स सोसायटी फॉर द डैफ के अध्यक्ष रजत नौटियाल, उपाध्यक्ष राजेश, जनरल सेक्रेटरी सिद्धार्थ जैन, कोषाध्यक्ष शक्ति पुंडीर, स्पोर्ट्स सेक्रेट्री दीपक जोशी, पूर्व सदस्य गण अमरीश सिंह, रवि मीणा, ख्वाइश गुप्ता, अभिषेक मिश्रा आदि उपस्थित रहे।
