शामली। बिडौली-चौसाना मार्ग पर हरीनगर गांव में देर रात दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का अगला हिस्सा अचानक उठकर मोटरसाइकिल के पास खड़े दोनों युवकों पर जा गिरा। हादसे में दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध जताया। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।

जानकारी के अनुसार, झिंझाना थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव निवासी लोकेश (19) पुत्र जगदीश और अब्दुल समद (18) पुत्र इदरीश बुधवार देर रात करीब 11:30 बजे हरीनगर गांव में अपनी मोटरसाइकिल के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान चौसाना की ओर से लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली बिडौली की तरफ आ रही थी। बताया गया कि ट्रॉली में लकड़ी अधिक मात्रा में भरी होने के कारण ट्रैक्टर का अगला हिस्सा अचानक ऊपर उठ गया और पास खड़े दोनों युवकों पर जा गिरा।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। दोनों युवकों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले घटनाक्रम के बाद क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार ने ग्रामीणों को आरोपी चालक की गिरफ्तारी और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। साथ ही मृतकों के परिजनों को सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा भी दिया।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया और यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार चालक के खिलाफ कार्रवाई की बात कह रही है। हादसे में दो युवकों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है।