नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्ट्रेस और मॉडल यामी गौतम की शादी हाल ही में काफ़ी सुर्खियों में रही। शादी के बाद अब यामी गौतम ने बड़ा खुलासा किया है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया है कि वह टीनेज से त्वचा की बीमारी से जूझ रही हैं, जिसका नाम केरारोसिस पिलारिस है और अब वह सभी को इस बीमारी के बारे में बताना चाहती हैं। कुछ तस्वीरों के साथ अपनी पोस्ट में यामी ने लिखा है, ‘मैंने हाल ही में कुछ तस्वीरों के लिए शॉट दिए। जब वो पोस्ट प्रोडक्शन (जो कि एक सामान्य प्रक्रिया है) के लिए जाने वाली थीं, जिससे मेरी स्किन कंडीशन केराटोसिस पिलारिस (Keratosis- Pilaris) को छुपाया जा सके, मैंने सोचा, हे यामी तुम इस तथ्य को क्यों नहीं मानती हो और इसके साथ तुम ठीक हो, इसे स्वीकर करो। बस जाने दो…(हां मैं अपने आप से जोर-जोर से बात करती हूं।)
आगे यामी ने लिखा, ‘जिन लोगों को इसके बारे में नहीं पता, यह एक स्किन कंडीशन है जिससे आपकी त्वचा पर छोटे-छोटे दाने हो जाते हैं। मैं वादा करती हूं कि वे आपका दिमाग इतना खराब नहीं करते हैं, जितना आपकी पड़ोस वाली आंटी करती हैं।
टीनएज के दौरान यह मेरी स्किन पर हुआ और इसका अभी भी कोई इलाज नहीं है। मैंने कई सालों तक इसे बर्दाश्त किया है और आखिरकार आज मैंने अपने डर और असुरक्षाओं को दूर करने का फैसला किया और अपनी ‘कमियों’ को दिल से स्वीकार किया। मैंने आपके साथ अपनी सच्चाई को शेयर करने का साहस किया।’

