हरिद्वार। हरिद्वार गंगा जल भरने आ रहे कावड़िए को श्यामपुर कांगड़ी में वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वाहन सवार मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कावड़ियों को समझाया। इसके बाद कांवड़ियों ने कोई हंगामा नहीं किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया।
बड़ा नंगला अमरोहा से प्रकाश अपने साथी सुधीर एक अन्य के साथ बाइक से हरिद्वार गंगा जल भरने आ रहे थे। तभी श्यामपुर कांगड़ी के पास पहुंचते ही वह अपनी मोटरसाइकिल साइड में खड़ी कर आराम करने लगे। इसी बीच पीछे से आए मैक्स वाहन ने प्रकाश को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वाहन सवार मौके से भाग निकला। कावड़ियों ने इसको लेकर रोष जताना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची कावड़ियों को शांत कराया। इसके साथ ही शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। श्यामपुर थानाध्यक्ष अनिल चौहान ने बताया कि वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

