सहारनपुर में बड़ी वारदात, दो पक्षों में संघर्ष में महिला की हत्‍या, दो घायल

saharanpur news

सहारनपुर। बड़गांव में शुक्रवार रात गांव नयागांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य दो परिजन गंभीर घायल हो गए। मृतका की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।

बताया जाता है कि शुक्रवार रात गांव नयागांव निवासी संदीप और रूमा (आशा) व विनोद उर्फ कल्लू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे, सरिया और धारदार हथियार लेकर आमने-सामने आ गए। लड़ते-झगड़ते दोनों पक्ष तीसरे पक्ष विनोद उर्फ लाल्ला के घर में घुस गए। जब लाल्ला पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया तो उनके साथ भी मारपीट हो गई।

मारपीट में विनोद उर्फ लाल्ला की पत्नी अनिता (48) के सिर में धारदार हथियार लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर देवबंद सीओ अमित सिंह रात में ही फोर्स के साथ नयागांव पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटना में घायल हुए मृतका के जेठ रमेश व उसके बेटे अमरीश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

सीओ देवबंद अमित सिंह ने बताया कि नयागांव के दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में महिला के सिर में अधिक चोट लगने से मौत हुई है। शनिवार सुबह मृतका के देवर रमेश ने अन्य ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचकर अपने पड़ौसी आठ लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कडी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने रात में ही महिला के शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया गया था।

advertisement at ghamasaana