बागपत किशोरी हत्याकांड का खुलासा, जिम ट्रेनर ने पत्नी संग घोंटा गला और जलाया शव

bagpat news image

बागपत। काठा गांव में नेशनल हाईवे किनारे अधजला शव मिलने के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, मथुरा की 15 वर्षीय किशोरी की हत्या जिम ट्रेनर अमन सागर ने अपनी पत्नी रचना के साथ मिलकर की थी। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए दोनों ने शव को पेट्रोल डालकर जला दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को लोनी बॉर्डर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल स्कूटी भी बरामद की गई है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

काठा गांव में 13 अगस्त को नेशनल हाईवे किनारे एक प्लॉट में किशोरी का अधजला शव मिला था। शव की पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर तेजाब डालने की कोशिश भी की गई थी। पुलिस ने पहचान और आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बिना नंबर की स्कूटी पर एक युवक और महिला दिखाई दिए।

जांच में स्कूटी जिम ट्रेनर अमन सागर निवासी बालाजी पुरम, मथुरा से जुड़ी मिली। पुलिस के अनुसार, अमन पिछले करीब डेढ़ महीने से दिल्ली के न्यू उस्मानपुरी इलाके में पत्नी और बच्चों के साथ किराये पर रह रहा था। 13 अगस्त को उसने अचानक कमरा खाली कर दिया था। पुलिस को मकान मालिक से मिले दस्तावेजों के आधार पर जांच आगे बढ़ाने में मदद मिली।

मृतका के कपड़ों की जांच और अन्य साक्ष्यों से उसकी पहचान मथुरा की 15 वर्षीय किशोरी के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, किशोरी के घर के बाहर अमन और उसकी पत्नी कपड़ों की दुकान चलाते थे। इसी दौरान किशोरी उनके संपर्क में आई। आरोप है कि करीब डेढ़ माह पहले उसे बहला-फुसलाकर दिल्ली लाया गया और घर में नौकरानी के रूप में रखा गया।

एसपी सूरज कुमार राय के अनुसार, पूछताछ में अमन ने बताया कि किशोरी के साथ उसके संबंधों को लेकर पत्नी रचना से लगातार विवाद होता था। 12 अगस्त की सुबह अमन ने किशोरी का गला घोंटा, जबकि रचना ने उसके हाथ पकड़े। रात में दोनों शव को स्कूटी से काठा लाए और पेट्रोल डालकर जला दिया। इसके बाद दोनों बच्चों के साथ हाथरस स्थित ससुराल चले गए, जहां किराये के मकान में रहने लगे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।

advertisement at ghamasaana