बिजनौर में दरवाजा खोलते ही युवती को उठा ले गया गुलदार, गन्ने के खेत में मिला क्षत-विक्षत शव

bijnore guldaar news

नजीबाबाद/जलालाबाद। बिजनौर के जलालाबाद क्षेत्र में गुलदार के हमले से एक महिला की मौत हो गई। गांव आलोपुर में शनिवार सुबह करीब छह बजे गुलदार 40 वर्षीय अविवाहित महिला बबीता देवी को घर के बाहर से उठाकर ले गया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों ने घर के बाहर खून पड़ा देखा तो शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने गुलदार की तलाश शुरू कर दी।

ग्रामीणों के मुताबिक, खून के निशान का पीछा करने पर गुलदार महिला को घसीटते हुए दिखाई दिया। ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए गुलदार का पीछा किया। गांव से करीब 300 मीटर दूर गुलदार महिला को गन्ने के खेत में लेकर चला गया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने गन्ने के खेत को घेरकर तलाश शुरू की।

काफी मशक्कत के बाद महिला का जख्मी शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला। ग्रामीणों के अनुसार, गुलदार ने महिला की गर्दन और हाथ को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था। घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश फैल गया।

आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर ही महिला के शव के साथ धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में गुलदार की मौजूदगी के बावजूद वन विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने वन विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने के बाद ही शव उठने देने की बात कही।

सूचना मिलने पर एसडीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, सीओ सुनील कुमार सिंह और सामाजिक वानिकी विभाग के डिप्टी रेंजर रामकुमार सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण गुलदार को पकड़ने की मांग कर रहे हैं।

advertisement at ghamasaana