बिजनौर । हरेवली पंचायत के वन क्षेत्र के इलाके में शनिवार देर रात से भीषण आग लगी है। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग सका है। लोगों का कहना है कि किसी ने बीड़ी, सिगरेट को सुलगाने के बाद जलती माचिस की तिल्ली को फेंक दिया होगा। जिससे आग ने वनों में भयंकर रूप धारण कर रखा है।
बताया गया कि आग ने सैकडों बीघा क्षेत्र को अपनी चपेट में ले रखा है। पर वन विभाग के अधिकारी इससे अनभिज्ञ है। वन विभाग के दरोगा शैलेक चंद्र शर्मा का कहना है कि इस प्रकार का मामला उनके संज्ञान में नहीं है। वे टीम को मौके पर भेज कर आग पर काबू पाने का प्रयास करेंगे।
हरेवली पंचायत वन क्षेत्र साहुवाला वन रेंज से सटा है। क्षेत्र के ग्रामीण कृपाल सिंह,अशोक कुमार, सत्यपाल सिंह, अमर सिंह और चंद्रपाल सिंह का कहना है कि साहुवाला वन रेंज से सटा होने के कारण हरेवली पंचायत की करीब 600 बीघा से ज्यादा जंगल में वन है। शनिवार देर रात से वनों में भीषण आग लगी है। पर वन विभाग के अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी कोई प्रयास नहीं किया गया है।
अब तक कई सौ बीघा जंगल को आग से अपनी चपेट में ले रखा है। आग लगने वन संपदा को भारी नुकसान हो रहा है। वनों में रेंगने वाले असंख्य जीवों की आग में जलने से मौत रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग के उच्चाधिकारियों ने जल्द ही वनों की आग को बुझाने की मांग की है। जिससे वन संपदा को बचाया जा सकें। यदि जल्द ही आग पर काबू न पाया तो और भारी नुकसान होगा।
खेतों की ओर से रूख कर लिया तो बर्बाद हो जाएंगेः ग्रामीण
क्षेत्र के कई गांवों में लोगों का कहना है कि जिस क्षेत्र में आग लगी है। वहां पर किसानों की गन्ने , गेहूं की फसलें खड़ी है। गन्ने के खेतों में पड़ी पत्ती सूखी है। गेहूं की फसल भी पकी है।यदि ऐसा में आग का रूख खेती की ओर से हो गया तो वह बर्बाद हो जाएंगे। क्षेत्र के लोगों ने जल्द ही प्रशासन से आग को काबू कराने की मांग की।
एसडीएम मनोज कुमार सिंह का कहना है कि ऐसा कोई मामला संज्ञान में नहीं है। वे जल्द ही विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर वनों की आग पर काबू कराने का प्रयास करेंगे। वन दारोगा का कहना है कि आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। वन क्षेत्र में सूखा पत्ता अधिक होने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है। फायर लाइन निकाल आग बुझाने का प्रयास होगा।

