बिजनौर। गुलदार मुक्त बिजनौर को लेकर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों व किसानों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन कर धरना देकर बैठ गए। धरने पर बिलाई मिल के बकाया गन्ना मूल्य भुगतान का मुद्दा भी जोर शोर से उठाया गया।
भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले अनेक किसान बृहस्पतिवार को गन्ना समिति परिसर में एकत्र हुए। वहां पंचायत में गुलदार, बकाया भुगतान, जर्जर बिजली के तार आदि मुख्य समस्याओं को उठाया गया। वहां से किसान प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां किसानों ने मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर धरना दिया।
धरने पर किसानों ने गुलदार मुक्त बिजनौर की मांग की। मुरादाबाद मंडल के अध्यक्ष बाबूराम तोमर, जिलाध्यक्ष सत्यवीर सिंह ने कहा कि नरभक्षी गुलदार इंसानों पर हमले कर मार रहा है। जिले में कई नरभक्षी गुलदार ने खेतों पर कब्जा कर लिया है। किसान खेत पर काम के लिए जाता है, तो गुलदार हमला कर उसे मौत के घाट उतार रहा है। वन विभाग और प्रशासन गुलदारों को पकड़ने में विफल साबित हो रहा है। जिले से गुलदार का आतंक खत्म करने की मांग की।
पूर्व जिला अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि आज हम यहां गुलदार मुक्त बिजनौर के लिए आए हैं और इसे करा कर ही जाएंगे। धरने पर राजेंद्र सिंह, ठाकुर राम अवतार सिंह, होशियार सिंह, संदीप त्यागी, दिनेश कुमार, नरदेव सिंह,सुनील प्रधान, अमित कुमार, मास्टर विजय पाल सिंह, जितेंद्र पहलवान, डॉ विजयसिंह, कोमल सिंह, चौधरी वीरेंद्र सिंह आदि किसान उपस्थित रहे

