सहारनपुर। अधिकारियों की तमाम कोशिश के बाद भी अवैध खनन रूकने का नाम नहीं ले रहा है।सोमवार रात के समय चेकिंग के लिए पहुंचे नायब तहसीलदार और उनकी टीम को खनन माफिया, डंपर व ट्रक चालकों ने घेर लिया और गाली-गलौच की। यहां तक कि जिस डंपर को टीम ने पकड़ा था उसे जबरदस्ती सड़क पर खाली कराकर टीम के सामने ही हरियाणा की तरफ भगा दिया। नायब तहसीलदार की तरफ से पूरे मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी गई है।
नायब तहसीलदार नितिन कुमार ने बताया कि बीती रात उनकी टीम सरसावा थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर-चिलकाना मार्ग पर चेकिंग के लिए पहुंची थी। तभी वहां पर खनिज सामग्री से भरे डंपर को रूकवाया गया। टीम ने डंपर चालक से खनन से संबंधित कागज मांगे, लेकिन उसके पास कागज नहीं मिले। चालक ने नायब तहसीलदार और उनकी टीम के साथ नोकझोंक शुरू कर दी। इसी बीच उसके कई अन्य साथी पीछे से डंपर और ट्रक में वहां आ गए।
चालकों ने नायब तहसीलदार की गाड़ी और उनकी टीम को घेर लिया, जिसके बाद पहले से पकड़े गए डंपर को वहीं पर खाली करा दिया और चालक को हरियाणा की तरफ डंपर लेकर भगा दिया। टीम के साथ गाली-गलौच भी की गई। किसी तरह पुलिस को सूचना दी गई। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची सभी ट्रक व डंपर चालक वहां से फरार हो गए। हालांकि बाद में चार डंपरों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया, जिनके पास कोई भी कागज नहीं थे। वह अवैध रूप से खनिज सामग्री ला रहे थे।
वीडियो हुआ वायरल, मचा हड़कंप
जिस समय नायब तहसीलदार और उनके टीम के साथ अभद्रता की जा रही थी तभी किसी ने उसका वीडियो बना लिया। जो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो वायरल होते ही अधिकारियों में भी हड़्कंप मच गया। अवैध रूप से खनिज सामग्री लाने वालों से लेनदेन के मामले में सरसावा थाने में तैनात एक कांस्टेबल का नाम भी आ रहा है।
दो बहनों को भी कुचल चुके हैं डंपर
अवैध रूप से ट्रकों एवं डंपर में खनिज भरकर लाने वाले वाहन सरसावा क्षेत्र में दुर्घटनाओं का कारण भी बन रहे हैं। इसी माह की शुरुआत में ही एक डंपर की चपेट में आने से दो बहनों की मौत हो गई थी। उस समय भी ग्रामीणों ने काफी हंगामा किया था। फिर भी पुलिस की मिलीभगत से इन पर रोक नहीं लग पा रही।
यह बोले अधिकारी
नायब तहसीलदार के नेतृत्व में टीम गई थी। अवैध रूप से खनन सामग्री लाने वालों ने टीम के साथ अभद्रता की और वहां से फरार हो गए। इस मामले में कानूनी कार्रवाई कराई जा रही है।
- युवराज सिंह, एसडीएम सदर

