नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल पुलिस ने आखिरकार संदेशखाली के आरोपी शेख शाहजहां को गुरुवार सुबह नॉर्थ 24 परगना के मीनाखान इलाके से गिरफ्तार कर लिया। वह पिछले 55 दिनों से फरार चल रहा था। उस पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न और जमीन कब्जा करने का आरोप है। पुलिस ने उसे बशीरहाट कोर्ट में पेश किया जहां उसे 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पश्चिम बंगाल के एडीजी सुप्रतिम सरकार ने बताया कि शेख शाहजहां पांच जनवरी को इडी अफसरों पर हुए हमले के मुख्य आरोपियों में शामिल था। उसे इसी मामले में गिरफ्तार किया गया है। सुप्रतिम सरकार से जब पूछा गया कि क्या शेख शाहजहां पर सेक्शुअल असॉल्ट का कोई मामला है तो उन्हें बताया कि इस गिरफ्तारी में सेक्शुअल असॉल्ट का कोई मामला नहीं है। शाहजहां के खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए हैं। 8 और 9 फरवरी को जो मामले दर्ज हुए हैं, वे सभी 2.3 साल पहले की घटनाओं के हैं। उनकी जांच पड़ताल में समय लगेगा।
तीन दिन पहले कलकत्ता हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई हुई थी। इसमें कोर्ट ने बंगाल सरकार को दूसरी बार फटकार लगाते हुए कहा था कि शेख शाहजहां को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। इसके कुछ घंटे बाद टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि शाहजहां शेख को 7 दिन के अंदर अरेस्ट कर लिया जाएगा।
शुभेंदु अधिकारी बोले- शाहजहां ने पुलिस से डील कर ली है, उसे फाइव स्टार होटल की सुविधाएं मिलेंगीं। पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि शेख शाहजहां को गिरफ्तार तो कर लिया गया हैए लेकिन वह एक डील के तहत कल रात 12 बजे से ममता पुलिस की सुरक्षित कस्टडी में है। कल रात पुलिस उसे बेरमजूर. में ग्राम पंचायत इलाके में ले गई थी, जहां उसने प्रभावशाली मध्यस्थों की मदद से ममता की पुलिस से डील की कि पुलिस कस्टडी और ज्यूडिशियल कस्टडी में उसकी अच्छे से देखभाल की जाएगी। जेल में उसे फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगीं। यहां तक कि उसे फोन भी दिया जाएगा जिसकी मदद से वह तोलामूल पार्टी को वर्चुअली चला सकेगा।
भाजपा नेता सुकांत मजूमदार बोले. भाजपा ने दबाव डाला, तब सरकार ने गिरफ्तारी की l शेख शाहजहां की गिरफ्तारी को लेकर बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि भाजपा की तरफ से लगातार इस मुद्दे पर प्रदर्शन किए गए, जिसकी वजह से बंगाल सरकार उसे गिरफ्तार करने को मजबूर हुई। सरकार तो अब तक शेख शाहजहां को आरोपी मानने से ही इनकार कर रही थी।
शाहजहां शेख टीएमसी का जिला लेवल का नेता है। राशन घोटाले में इडी ने 5 जनवरी को उसके घर पर रेड की थी। तब उसके 200 से ज्यादा सपोर्टर्स ने टीम पर अटैक कर दिया था। अफसरों को जान बचाकर भागना पड़ा। तभी से शाहजहां फरार था। शाहजहां शेख की गिरफ्तारी को लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस टीएस शिवज्ञानम ने सोमवार को आदेश दिया था कि पुलिस हर हाल में 4 मार्च को अगली सुनवाई में शाहजहां को कोर्ट में पेश करे। उसकी गिरफ्तारी पर कोई स्टे नहीं है।

