नई दिल्ली। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग – राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (UGC-NET) और भारतीय विदेश व्यापार संस्थान (IIFT) की होने वाली प्रवेश परीक्षा को चक्रवात जवाद के कारण ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कुछ केंद्रों में स्थगित कर दिया गया है।’
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक नोटिस जारी कर इस बात की जानकारी दी। नोटिस में लिखा गया था कि यूजीसी-नेट 2020 और जून 2021 की परीक्षा को आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम और गंजम जिले के पुरी, भुवनेश्वर, कटक, बरहामपुर और ओडिशा के रायगढ़ जिले के गुनुपुर केंद्रों के लिए पुनर्निर्धारित किया जाएगा।
वहीं आईआईएफटी के एमबीए (इंटरनेशनल बिजनेस) पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली परीक्षा कोलकाता और पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर; ओडिशा में भुवनेश्वर, कटक और संबलपुर; और आंध्र प्रदेश में विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम केंद्रों पर स्थगित कर दी गई है।
एनटीए ने कहा कि उल्लिखित शहरों के परीक्षा केंद्रों में प्रवेश पाने वाले उम्मीदवारों की परीक्षा की तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी। हालांकि, उम्मीदवारों को यह ध्यान देने की सलाह दी जाती है कि स्थगन केवल उल्लिखित शहरों पर लागू होता है और परीक्षा ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों के अन्य सभी शहरों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी।

