नई दिल्ली। Heavy Rain Alert भारत में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वी और मध्य भारत के लिए भारी बारिश, गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि 4 मई तक इन इलाकों में मौसम का यही रुख बना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 2 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसका असर अगले कुछ दिनों तक महसूस किया जाएगा। स्काईमेट वेदर के मुताबिक, इसके तीन दिन बाद एक और सिस्टम के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मई के पहले सप्ताह तक मौसम असामान्य रूप से सक्रिय रह सकता है।
देश के 15 से अधिक राज्यों में तेज बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति बनी हुई है। उत्तर भारत, पूर्वी भारत और उत्तर-पूर्वी राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। खासतौर पर दिल्ली-एनसीआर में मई के पहले सप्ताह में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर देखने को मिल सकता है, जिससे तापमान में गिरावट की उम्मीद है।
वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में 7 मई तक गरज-चमक, धूल भरी आंधी और तेज हवाओं के साथ बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

