IRCTC new reservation rules नई दिल्ली। यात्रियों की सुविधा के लिए भारतीय रेलवे जल्द ही आरक्षण प्रणाली में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अब मुसाफिरों को ट्रेन छूटने से आठ घंटे पहले ही यह पता चल जाएगा कि उनका टिकट कन्फर्म हुआ या नहीं। फिलहाल चार्ट ट्रेन रवाना होने से चार घंटे पहले बनता है, जिससे खासकर दूर-दराज के यात्रियों को अंतिम समय में परेशानी होती है। रेलवे की नई आरक्षण प्रणाली दिसंबर 2025 तक लागू कर दी जाएगी।
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में इन सुधारों की समीक्षा की और कई अहम फैसलों को मंजूरी दी है। नई व्यवस्था के तहत टिकट बुकिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, तकनीक-आधारित और यात्री केंद्रित बनाया जाएगा। सेंटर फॉर इन्फॉर्मेशन सिस्टम को नई आरक्षण प्रणाली के विकास की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तत्काल टिकट बुकिंग में भी सख्ती
रेलवे बोर्ड के प्रस्ताव के अनुसार, उन ट्रेनों के लिए जिनका प्रस्थान दोपहर दो बजे से पहले है, उनका आरक्षण चार्ट एक दिन पहले रात नौ बजे तक बना दिया जाएगा। इससे प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करने का पर्याप्त समय मिल सकेगा।
इसके अलावा तत्काल टिकट बुकिंग के नियम भी बदल रहे हैं। नई व्यवस्था में तत्काल टिकट केवल प्रमाणित यात्रियों को ही मिलेगा। इसके लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट या ऐप पर रजिस्ट्रेशन जरूरी होगा। 1 जुलाई से यह व्यवस्था लागू कर दी जाएगी, जबकि जुलाई के अंत तक आधार या डिजी लॉकर जैसी सरकारी आईडी के माध्यम से ओटीपी आधारित सत्यापन भी शुरू कर दिया जाएगा।
रेलमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सत्यापन प्रणाली को व्यापक और मजबूत बनाया जाए, ताकि दलालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और वास्तविक यात्री ही तत्काल टिकट बुक कर सकें।
दस गुना बढ़ेगी क्षमता
रेलवे की नई प्रणाली मौजूदा क्षमता से करीब दस गुना अधिक सक्षम होगी। वर्तमान में प्रति मिनट 32 हजार टिकट बुक होते हैं, जबकि नई व्यवस्था में प्रति मिनट डेढ़ लाख से ज्यादा टिकटों की बुकिंग संभव होगी। पूछताछ क्षमता भी चार लाख से बढ़कर 40 लाख प्रति मिनट हो जाएगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए आरक्षण फार्म अलग-अलग भारतीय भाषाओं में भी उपलब्ध होंगे। अपनी पसंद की सीट चुनने का विकल्प दिया जाएगा। साथ ही दिव्यांग, छात्र और मरीजों के लिए विशेष सुविधाएं रहेंगी। किराया कैलेंडर भी जोड़ा जाएगा, ताकि यात्री यह जान सकें कि किस तारीख को कितना किराया है।
रेलमंत्री ने कहा कि रेलवे की बुकिंग प्रणाली को पारदर्शी, सहज और अत्याधुनिक बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि टिकट से लेकर यात्रा तक का हर कदम यात्री के लिए आसान और भरोसेमंद हो सके।

