देवघर, झारखंड। सावन महीने की कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार सुबह देवघर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया जंगल के पास कांवड़ियों से भरी बस और गैस सिलेंडर से लदा एक वाहन आपस में टकरा गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस में सवार कई कांवड़िये चपेट में आ गए।
हादसे में कम से कम 5 कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक घायल हो गए, जिनमें 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को देवघर सदर अस्पताल और एम्स रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 4:30 बजे घटी। कांवड़ियों की बस देवघर की ओर जा रही थी, तभी मोहनपुर के जमुनिया जंगल के पास गैस सिलेंडर ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई।
मृतकों की पहचान
पुलिस ने अब तक 5 मृतकों की पहचान की है। अंतिम रूप से उनके नामों की पुष्टि की जा रही है, जो इस प्रकार हैं:
- सुभाष तुरी (40) – बस चालक, निवासी मोहनपुर, देवघर
- शिवकुमार उर्फ पीयूष (15) – निवासी वैशाली, बिहार
- दुर्गावती देवी (45) – निवासी भानगरमहाराजी, बेतिया, बिहार
- जानकी देवी – निवासी भानगरमहाराजी, बेतिया, बिहार
- समदा देवी – निवासी तरंगना, पटना, बिहार
प्रशासन की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। साथ ही जांच के लिए एक टीम गठित कर दी गई है।
कांवड़ यात्रा में बढ़ी सतर्कता
हादसे के बाद कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस ने सभी वाहनों को निर्धारित मार्गों और स्पीड लिमिट का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

