आईआईएम काशीपुर की दिल्ली सिटी मीट में पूर्व विद्यार्थियों के नेटवर्क को मजबूत करने पर जोर

IIM Kashipur Delhi City Meet 2026

देहरादून/नई दिल्ली। भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) काशीपुर ने पूर्व विद्यार्थियों के साथ संस्थागत जुड़ाव बढ़ाने और उद्योग जगत से संबंध मजबूत करने की दिशा में पहल की है। इसी क्रम में 10 अक्टूबर को नई दिल्ली के छतरपुर स्थित द दिवोली में ‘दिल्ली सिटी मीट ’26’ का आयोजन किया गया। इसमें करीब 90 पूर्व विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों और संस्थान के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के करियर मार्गदर्शन, पेशेवर सहयोग और पूर्व विद्यार्थी नेटवर्क की भूमिका पर चर्चा हुई।

आईआईएम काशीपुर की एलुमनाई रिलेशंस कमेटी (एआरसी) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न बैचों के पूर्व विद्यार्थियों को अपने अनुभव साझा करने और संस्थान के साथ संबंधों को मजबूत करने का अवसर मिला। चर्चा के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि उद्योग जगत में काम कर रहे पूर्व विद्यार्थी अपने अनुभवों और विशेषज्ञता के माध्यम से वर्तमान विद्यार्थियों को करियर के बेहतर विकल्प समझने तथा व्यावहारिक चुनौतियों के लिए तैयार होने में मदद कर सकते हैं।

कार्यक्रम में संस्थान के डीन (डेवलपमेंट) प्रो. कुनाल गांगुली और एलुमनाई रिलेशंस कमेटी के अध्यक्ष प्रो. उत्कर्ष उपस्थित रहे। प्रो. कुनाल गांगुली ने कहा कि मजबूत पूर्व विद्यार्थी नेटवर्क संस्थान की प्रगति, उद्योग जगत के साथ सहभागिता, विद्यार्थियों की सफलता और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने पूर्व विद्यार्थियों को संस्थान के भविष्य को आकार देने में भागीदार बताया।

वहीं, प्रो. उत्कर्ष ने कहा कि सिटी मीट पूर्व विद्यार्थियों और संस्थान के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने पूर्व विद्यार्थियों से अपने पेशेवर अनुभव वर्तमान विद्यार्थियों के साथ साझा करने का आह्वान किया, ताकि उन्हें विभिन्न क्षेत्रों की कार्यप्रणाली और उद्योग जगत की अपेक्षाओं को समझने में मदद मिल सके।

कार्यक्रम में Propert.shop के संस्थापक और पीजीपी 2011-2013 बैच के पूर्व विद्यार्थी जतिन कुमार ने विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में पूर्व विद्यार्थियों की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने संकाय सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया।

इसी क्रम में Samsung Electronics में ग्रोथ लीड (डीजीएम) और पीजीपी 2014-2016 बैच के पूर्व विद्यार्थी रविंदर यादव ने आपसी सहयोग को सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने पूर्व विद्यार्थी समुदाय से एकजुट होकर काम करने और संस्थान से जुड़े लोगों की मदद करने की अपील की।

पूर्व विद्यार्थी हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि आईआईएम काशीपुर में विद्यार्थियों को एमबीए की शिक्षा के साथ-साथ अनुभवों और संबंधों के रूप में भी बहुत कुछ मिलता है। उन्होंने पूर्व विद्यार्थी समुदाय को मजबूत बनाने के लिए नियमित मुलाकातों और संवाद की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम का समापन नेटवर्किंग और अनौपचारिक बातचीत के साथ हुआ। आयोजन में उद्योग जगत के अनुभवों को विद्यार्थियों तक पहुंचाने, पेशेवर संबंध विकसित करने और संस्थान के दीर्घकालिक विकास में पूर्व विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

advertisement at ghamasaana