सहारनपुर मंडी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी के वाहनों का जखीरा बरामद

saharanpur crime news

सहारनपुर। थाना मंडी पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिल, दो स्कूटी और 22 सौ रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद नकदी एक चोरी की मोटरसाइकिल बेचकर हासिल की गई थी। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

चेकिंग के दौरान पुलिस को मिली सफलता
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण में थाना मंडी पुलिस ने यह कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 13 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर जुलमगढ़ की पुलिया के पास कूड़ाघर तिराहा, शकलापुरी रोड से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शोभित उर्फ शोबी निवासी सम्राट विक्रम कॉलोनी, थाना मंडी और जावेद इकबाल निवासी मोहल्ला बंजारान, कस्बा नकुड़ के रूप में हुई है।

दो चोरी के मुकदमों से खुला मामला
पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर को मंडी क्षेत्र से दो मोटरसाइकिल चोरी होने के संबंध में मुकदमे दर्ज किए गए थे। इन मामलों की विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों के नाम सामने आए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चोरी के वाहन बरामद किए। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धाराएं बढ़ाई गईं और एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया गया।

शोभित पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शोभित उर्फ शोबी के खिलाफ लूट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

advertisement at ghamasaana