मुजफ्फरनगर । समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की राजनीतिक मंशा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। महावीर चौक स्थित जिला कार्यालय पर आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान जिया चौधरी ने कहा कि ओवैसी को यह स्पष्ट करना होगा कि वह उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को हराना चाहते हैं या समाजवादी पार्टी को नुकसान पहुँचाना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी भाजपा पर सीधा हमला करने से बचते हैं, जिससे उनकी भूमिका संदिग्ध लगती है। हालांकि, उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर एआईएमआईएम और आसपा के बीच हुए गठबंधन का स्वागत किया, लेकिन मतदाताओं के प्रति जवाबदेही की बात भी दोहराई।
इस प्रेस वार्ता में नगर अध्यक्ष पुष्पेंद्र त्यागी उर्फ बॉबी भी मौजूद रहे, जहाँ सपा की नई नगर कार्यकारिणी की विधिवत घोषणा की गई। कार्यकारिणी में महिलाओं की भागीदारी कम होने के सवाल पर जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पार्टी जल्द ही सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं को शामिल कर इसका विस्तार करेगी। उन्होंने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि सपा में गुंडागर्दी के लिए कोई जगह नहीं है, बल्कि भाजपा के नेताओं पर ही महिलाओं के अपमान के गंभीर आरोप लगते रहे हैं। जिया चौधरी ने शहर में दंगे से जुड़े पोस्टर लगने के बावजूद एफआईआर न होने पर कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सपा विकास के मॉडल पर चुनाव लड़ेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार घोषणापत्र में प्रत्येक जिले की स्थानीय जरूरतों के लिए एक विशेष पन्ना जोड़ा जाएगा। इसी क्रम में 37 सदस्यीय नगर कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें मो. असद पाशा को महासचिव और नीरज गुप्ता को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वाजिद अली, सुंदर सिंह और आमिर हुसैन सहित कई नेताओं को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
