बागपत ! जिले के कहरका गांव में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक किसान के पुराने मकान के पुनर्निर्माण के दौरान नींव की खुदाई में भारी संख्या में कोबरा सांप और उनके अंडे मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। किसान कपिल त्यागी का यह मकान लगभग 35 साल पुराना है, जिसे तोड़कर नया बनाने का काम चल रहा था।

खुदाई के दौरान पिछले पांच दिनों के भीतर अब तक 30 जहरीले कोबरा सांप निकल चुके हैं। सांपों के निकलने का सिलसिला यहीं नहीं थमा, नींव की गहराई से लगभग 200 खाली अंडे भी बरामद हुए हैं। इतनी बड़ी संख्या में सांप और अंडे मिलने से परिवार के सदस्य बुरी तरह डर गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से परिवार ने अपना घर खाली कर दिया है और फिलहाल दूसरे स्थान पर शरण ली है।

कपिल त्यागी ने बताया कि मकान तोड़ने का काम शुरू होने से पहले ही उन्हें 12 फीट लंबे कोबरा की केंचुली मिली थी, जिससे अनहोनी की आशंका बढ़ गई थी। रविवार को भी कई सांपों को पकड़कर हिंडन नदी के किनारे सुरक्षित छोड़ा गया। ग्रामीणों का मानना है कि मकान के नीचे सांपों का बहुत बड़ा बसेरा हो सकता है।

वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। वन क्षेत्राधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि बरामद किए गए अंडे कोबरा सांपों के ही हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि जमीन के नीचे सांपों का कोई बड़ा बिल हो सकता है, जिसकी पूरी जानकारी विस्तृत खुदाई के बाद ही मिल पाएगी। विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने की सलाह दी है। फिलहाल गांव में इस घटना को लेकर भारी कौतूहल और डर का माहौल बना हुआ है।