लखनऊ । बहराइच जिले में एक भीषण हादसा सामने आया है, जहां मेले में चल रहे जलपरी शो का टैंक अचानक फट गया। इस दुर्घटना में 4 बच्चों सहित कुल 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त करीब 40 लोग शो का आनंद ले रहे थे। टैंक फटने से उसमें भरा 20 हजार लीटर पानी एक झटके में बाहर आ गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।
पानी का दबाव इतना अधिक था कि टैंक की कांच वाली दीवारें चकनाचूर हो गईं। पानी के तेज बहाव के कारण शो देख रहे बच्चे कई मीटर तक बह गए। कांच के नुकीले टुकड़े बच्चों के चेहरे और सिर में धंस गए, जिससे वे लहूलुहान हो गए। घायलों में एक जलपरी भी शामिल है जो शो का हिस्सा थी। स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया।
चिकित्सकों ने दो बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च केंद्र के लिए रेफर कर दिया है। उनके सिर और चेहरे पर कांच के गहरे जख्म हैं। यह घटना जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर फखरपुर थाना क्षेत्र के खालेपुर गांव में आयोजित उर्स मेले की है। सोमवार रात करीब 9 बजे हुए इस हादसे ने मेले की खुशियों को मातम में बदल दिया। घायलों में अर्थ (8), बुरऊ (7), अहद खान (8) और मोहम्मद सादिक (9) की हालत अधिक चिंताजनक बताई जा रही है।
प्रशासन ने इस मामले में सख्त रुख अपनाया है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने जानकारी दी कि पानी का प्रेशर अधिक होने के कारण टैंक फटा था। पुलिस ने मेला कमेटी के अध्यक्ष और जलपरी शो के संचालक सहित चार लोगों को हिरासत में ले लिया है। कुल 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मेले में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर भी जांच की जा रही है।
