बिजनौर। जिले में हाईवे-74 पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में मौजूद दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह हादसा शेरकोट थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला नौंधना चुंगी नंबर पांच के पास घटित हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना अफजलगढ़ क्षेत्र के ग्राम चौड़वाला निवासी तीन लोग मंगलवार की रात कार में सवार होकर दिल्ली एयरपोर्ट के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी कार शेरकोट इलाके में पहुंची, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और वाहन अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से जा टकराया।
इस हादसे में 45 वर्षीय महबूब पुत्र नत्थू की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, कार में सवार वकार पुत्र लियाकत और मोहसिन पुत्र नफीस गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धामपुर में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
थानाध्यक्ष रामप्रताप ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी आकांक्षा गौतम ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस अब उस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है जिसकी टक्कर से यह पूरी घटना हुई।
