बहन की मौत पर भाई ने गंगा में कूदकर दी अपनी जान

haridwar

हरिद्वार। एक विवाहिता बहन के मायके में फांसी लगाकर खुदकुशी करने के अगले ही दिन उसके भाई ने गंगा में कूदकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि बहन की मौत के बाद से वह तनाव में था और इसी सदमे के कारण उसने जान दी है। हालांकि युवक नशे का आदी भी बताया जा रहा है।
खड़खड़ी निवासी श्रुति गुप्ता की शादी डेढ़ साल पहले मोतीचूर फाटक थाना रायवाला निवासी शिवम गुप्ता के साथ हुई थी। पुलिस के अनुसार श्रुति गुप्ता दो-ढाई महीने से अपने मायके में अपनी मां चंद्रावती के साथ हिल बाईपास खड़खड़ी में रह रही थी। शुक्रवार की सुबह श्रुति का शव पंखे पर दुपट्टे में लटका मिला। परिजन उसे तुंरत बंगाली अस्पताल लेकर पहुंचे।

चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था, लेकिन पुलिस तनाव के चलते खुदकुशी का मामला मान रही थी। शनिवार को श्रुति के भाई मोनू गुप्ता का शव कांगड़ा घाट के पास गंगा में तैरता मिला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मोनू अपनी बहन की मौत से सदमे में था और इसी कारण उसने गंगा में कूदकर जान दे दी। शहर कोतवाल राकेंद्र कठैत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

advertisement at ghamasaana