खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के लोहियाहेड हेलीपैड और कैंप कार्यालय में जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याओं को विस्तार से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि समस्याओं का समाधान पारदर्शिता और प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करना है ताकि लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र पर काम कर रही है। प्रशासन की जवाबदेही तय करना और जनता को संतोषजनक समाधान देना सबसे महत्वपूर्ण है।

धामी ने क्षेत्र के विकास कार्यों पर जनप्रतिनिधियों से चर्चा की और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और अन्य वरिष्ठ अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।