देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने युवाओं को हरी झंडी दिखाकर दौड़ के लिए रवाना किया और सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। इस दौरान सीएम ने युवाओं, खिलाड़ियों और प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि की घोषणा करते हुए कहा कि इसके लिए जल्द ही बैठक बुलाई जाएगी। साथ ही, ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में 'मुख्यमंत्री खेल क्लब' का गठन किया जाएगा। देहरादून के आमवाला में युवा केंद्र के पास की खाली जमीन युवा कल्याण विभाग को दी जाएगी, जहां मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनेगा।

खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी की पुरस्कार राशि में भारी बढ़ोतरी की गई है। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, विधानसभा स्तर पर 500 से बढ़ाकर 700 रुपये और राज्य स्तर पर 1500 से बढ़ाकर 2000 रुपये कर दिया गया है। ओवरऑल विजेता जिले को मिलने वाली राशि 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये की गई है। खेलों की संख्या भी 32 से बढ़ाकर 50 की जाएगी, जिसमें पारंपरिक खेलों पर जोर रहेगा।

सरदार पटेल को नमन करते हुए सीएम ने कहा कि उनकी दूरदर्शिता ने ही देश को एक सूत्र में पिरोया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और 'नशामुक्त उत्तराखंड' के संकल्प को आगे बढ़ाने की अपील की। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में मुख्यमंत्री ने जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।