हरिद्वार। तुलसी मानस केंद्र में शुक्रवार को आयोजित लघु उद्योग भारती की प्रांतीय बैठक में उद्यमियों ने अपने अपने उद्यम क्षेत्रों की समस्याएं उठाकर पर्वतीय क्षेत्रों में उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार से मांग की।
बैठक में टिहरी गढ़वाल से पहुंची उद्यमी तन्नु जयसवाल ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक विकास की असीम संभावनाएं हैं, लेकिन यातायात व्यवस्था सुचारु न होने और कुशल श्रमिकों की उपलब्धता न होने से परेशानी होती है। इसका असर सीधा उत्पादन पर पड़ता है। उन्होंने मांग उठाई की कि पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक विकास के लिए लघु उद्योग भारती और सरकार की प्रतिनिधियों की एक समिति बनाई जाए जिससे योजनाओं का लाभ वास्तविक लोगों तक पहुंच सके।
चमोली से पहुंची उद्यमी सुरेखा डबराल ने बताया कि सरकार को पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए होटलों के संचालन के नियमों में कुछ छूट देनी चाहिए। होटलों को जीएसटी में छूट देनी चाहिए। हरिद्वार के उद्यमी मनोज पुंडीर ने कहा कि अति लघु श्रेणी के उद्यमियों के लिए औद्योगिक क्षेत्रों में छोटे भूखंड उचित मूल्य पर उपलब्ध कराए जाए। ताकि वह सरकारी योजनाओं का लाभ उठा कर देश को आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग कर सके।
ऊधमसिंह नगर से पहुंचे दीपक कुमार गोयल ने कहा कि फार्मा फूड, हेल्थकेयर इंडस्ट्रीज में भवन निर्माण में ऊंचाई की सीमा बढ़ाई जाए। क्योंकि इन उद्योगों में मापदंडो के अनुसार तीस से चालीस प्रतिशत एरिया सर्विस फलोर में उपयोग हो जाता है, जिससे उद्योग के संचालन के लिए जगह कम पड़ जाती है। जिससे उनके सामने कई समस्याएं खड़ी हो जाती हैं।
देहरादून के उद्यमी राजीव गोयल ने कहा कि अन्य राज्यों की तरह उत्तराखंड में भी उद्योगों से जुड़ी जितनी भी कमेटियां और बोर्ड हैं उनमें लघु उद्योग भारती के सदस्यों को भी शामिल किया जाना चाहिए। ताकि वह उद्यमियों की समस्याएं दूर करवा सके।
हरिद्वार के उद्यमी अमित त्यागी ने मांग की कि सिडकुल बोर्ड में स्वतंत्र निदेशक के रूप में लघु उद्योग भारती के एक सदस्य को नियुक्त किया जाए। ताकि वह उद्यमियों की समस्याओ का निराकरण करवा सके। लघु उद्योग भारती के प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश मैलाना और महामंत्री विजय तोमर ने बैठक में उपस्थित उद्यमियों को आश्वासन दिया कि वह उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाएंगे और निराकरण कराएंगे। बैठक में मयंक गर्ग, मनोज पंडिता, अनुराग अरोड़ा, एसएस भुल्लर, एमएस चौहान, अक्षय गोयल, शब्दावली भारद्वाज, गोपेन्द्र सिंह, सुमित अग्रवाल, निशांत सिंघल आदि मौजूद रहे।

