हरिद्वार । धर्मनगरी हरिद्वार में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले भव्य कुंभ मेले की तैयारियां अभी से चर्चा में हैं। प्रशासन और अखाड़ा परिषद के बीच विमर्श के बाद पावन गंगा स्नान की प्रमुख तिथियां सामने आ गई हैं। आस्था के इस सबसे बड़े समागम की अवधि 1 जनवरी 2027 से शुरू होकर 30 अप्रैल 2027 तक रहेगी। चार महीने तक चलने वाले इस महाकुंभ में देश-दुनिया से करोड़ों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
मेला प्रशासन के अनुसार, इस अवधि के दौरान कुल 11 प्रमुख स्नान पर्व आयोजित किए जाएंगे। इनमें से 4 स्नान पर्वों को 'अमृत स्नान' का दर्जा दिया गया है, जो आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों के विस्तार और सुरक्षा व्यवस्था पर अभी से खाका तैयार किया जा रहा है।
कुंभ मेला 2027 की प्रमुख स्नान तिथियां इस प्रकार हैं:
- 14 जनवरी: मकर संक्रांति
- 6 फरवरी: मौनी अमावस्या
- 11 फरवरी: बसंत पंचमी
- 20 फरवरी: माघ पूर्णिमा
- 6 मार्च: महाशिवरात्रि (अमृत स्नान)
- 8 मार्च: फाल्गुन अमावस्या (अमृत स्नान)
- 15 मार्च: देव डोली (अमृत स्नान)
- 7 अप्रैल: नव संवत्सर
- 14 अप्रैल: मेष संक्रांति (प्रमुख अमृत स्नान)
- 15 अप्रैल: श्रीराम नवमी
- 20 अप्रैल: चैत्र पूर्णिमा
विशेष रूप से 6 मार्च, 8 मार्च, 15 मार्च और 14 अप्रैल को होने वाले अमृत स्नान के दौरान भारी भीड़ जुटने की संभावना है। 14 अप्रैल को मेष संक्रांति के अवसर पर होने वाला स्नान मुख्य अमृत स्नान होगा। हरिद्वार कुंभ 2027 को लेकर स्थानीय व्यापारियों और तीर्थ पुरोहितों में भी भारी उत्साह देखा जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि इस बार कुंभ को आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ पारंपरिक भव्यता प्रदान की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
