रुड़की में आईआईटी प्रोफेसर की संदिग्ध हालात में मौत, कमरे में मिला शव

roorkee pro dies

हरिद्वार। आईआईटी रुड़की में एक प्रोफेसर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनका शव फ्लैट में बंद मिला है। फ्लैट से दुर्गंध आने पर पड़ोस में रह रहे अन्य फैकल्टी ने जानकारी आईआईटी के सुरक्षा अधिकारी को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आईआईटी में कैमेस्ट्री डिपार्टमेंट में तैनात प्रोफेसर कैलाश चंद गुप्ता आईआईटी परिसर स्थित हिलव्यू अपार्टमेंट में पांचवी मंजिल के बी-5 फ्लैट में रहते थे। सोमवार शाम करीब छह बजे पड़ोस में रहे एक अन्य प्रोफेसर ने सुरक्षा अधिकारी को बताया कि प्रोफेसर कैलाश चंद गुप्ता के फ्लैट से कुछ दिन से दुर्गंध आ रही है। अब यह दुर्गंध बहुत अधिक बढ़ गई है।

प्रोफेसर कैलाश चंद गुप्ता चार-पांच दिन से दिखाई भी नहीं दिए हैं। अनहोनी की आशंका को देखते हुए सुरक्षा अधिकारी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट का दरवाजा तोड़ा। पुलिस ने अंदर कमरे में प्रोफेसर को देखा तो वह एक कुर्सी पर मृत पड़े मिले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कोतवाली प्रभारी देवेन्द्र चौहान ने बताया कि प्रेफेसर अकेले रहते थे और वह अविवाहित थे। उनकी उम्र लगभग 63 वर्ष थी। वह मूलरूप से झांसी के रहने वाले हैं। पिछले पांच-छह दिन से वह क्लास लेने भी नहीं गए थे। शव को देखकर लग रहा है कि वह चार-पांच दिन पुराना है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जांच की जा रही है। जबकि आईआईटी मीडिया सेल का कहना है कि प्रेफेसर कैलाश चंद गुप्ता का शव उनके फ्लैट में मिला है। उनके परिजनों को दी गई है।

advertisement at ghamasaana