- पहलगाम हमले के बाद आसिफ शेख और आदिल गुरी के ठिकानों पर चला सर्च ऑपरेशन, दोनों के घर ब्लास्ट कर उड़ाया
- एनआईए और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त जांच शुरू, आतंकियों की पाकिस्तान कनेक्शन की पुष्टि
- एलओसी पर पाकिस्तान की फायरिंग के बाद तनाव, भारतीय सेना हाई अलर्ट पर
- सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी और गृह मंत्री अमित शाह ने पहलगाम और बॉर्डर इलाकों का लिया जायज़ा
श्रीनगर : Pahalgam Terror Attack जम्मू.कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हमले में लश्कर.ए.तैयबा से जुड़े आतंकियों के नाम सामने आने के बाद सेना और जम्मू.कश्मीर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दी है। इसी के दो आतंकियों के घरों को बम से उड़ा दिया गया। आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन भी तेज कर दिया गया है।
एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर इस आतंकी हमले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में आतंकी आसिफ शेख और आदिल गुरी उर्फ आदिल थोकर के नाम सामने आए हैं। पुलिस जब सर्च ऑपरेशन के तहत उनके घर पहुंची तो संदिग्ध वस्तुएं मिलने के बाद इलाके को खाली कराया गया। इसके कुछ ही समय बाद वहां ज़ोरदार धमाका हुआ, जिसमें मकान पूरी तरह तबाह हो गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घर में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मौजूद थी, जिसे देखकर सुरक्षाबल सतर्क हो गए और बड़ा हादसा टल गया। माना जा रहा है कि यह विस्फोट उन्हीं विस्फोटकों की वजह से हुआ है।
आदिल की पाकिस्तान यात्रा और आतंकी कनेक्शन
जांच में सामने आया है कि आदिल थोकर वर्ष 2018 में कानूनी रूप से पाकिस्तान गया था, जहां उसने कथित तौर पर आतंकवाद की ट्रेनिंग ली। वह बीजबेहरा का रहने वाला है और हाल ही में जम्मू-कश्मीर लौटा था। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि पहलगाम हमले में उसकी सक्रिय भूमिका रही है।
एलओसी पर पाकिस्तान की फायरिंग, सेना सतर्क
हमले के बाद पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा (LoC) पर भी फायरिंग की गई। भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी रेंजरों को मुंहतोड़ जवाब दिया। हालांकि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन बॉर्डर पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। भारतीय सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
सेना प्रमुख और गृह मंत्री ने लिया स्थिति का जायज़ा
देश की सुरक्षा स्थिति को देखते हुए भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी जल्द ही श्रीनगर और उधमपुर का दौरा करेंगे। वे सुरक्षा एजेंसियों और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर हालात का जायजा लेंगे। इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह भी पहलगाम पहुंचे थे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) के साथ आपात बैठक की, जिसमें कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
