पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस लगातार नए खुलासे कर रही है। मामले में गिरफ्तार सिया गोयल और उसके कथित साथी चेतन चौधरी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं। जांच अधिकारियों का दावा है कि दोनों ने हत्या को अंजाम देने से पहले कम से कम तीन बार कोशिश की थी और इसके लिए एक अज्ञात स्थान पर रिहर्सल भी की थी। अब पुलिस उस स्थान की पहचान कर वहां भी जांच करने की तैयारी में है।
इसी क्रम में बुधवार को आरोपी चेतन चौधरी का गेट (Gait) एनालिसिस टेस्ट कराया जाएगा। इसके लिए पुलिस उसे लोहगढ़ किले ले जाएगी। जांच एजेंसियों का मानना है कि किले के सीसीटीवी फुटेज में हुडी पहनकर दिखाई देने वाला युवक चेतन हो सकता है। फुटेज में उसका चेहरा स्पष्ट नहीं दिख रहा है, इसलिए उसकी चाल और बॉडी लैंग्वेज का मिलान किया जाएगा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत के दौरान चेतन पूछताछ में भावुक दिखाई दिया है, जबकि सिया गोयल जांच में अपेक्षित सहयोग नहीं कर रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि गेट एनालिसिस से जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिल सकती है।
इस बीच, हत्याकांड के बाद लोहगढ़ किले पर पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। घटनास्थल को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। हालांकि, किले की एक खाई को कथित तौर पर ‘सिया पॉइंट’ कहे जाने पर इतिहासकारों और स्थानीय नागरिकों ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि किसी ऐतिहासिक स्थल की पहचान को इस तरह बदलना उचित नहीं है।
जांच के मद्देनजर पुलिस ने फिलहाल लोहगढ़ किले को पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर मामले की हर कड़ी को जोड़ा जा रहा है।

