कोलंबो। श्रीलंका के साथ साझा हितों को ध्यान में रखते हुए साझेदारी मजबूत करने व संबंधों में और सुधार के लिए विदेश सचिव हर्षवर्धन शृंगला ने सोमवार को पड़ोसी देश के के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे से मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने पड़ोसी धर्म निभाने, तकनीक, कारोबार, रक्षा आदि क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।
श्रीलंका स्थित भारतीय उच्च उच्चायोग ने दोनों की मुलाकात को सार्थक बताया है। शृंगला चार दिवसीय दौरे पर शनिवार को श्रीलंका पहुंचे हैं। विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक शृंगला ने कहा, श्रीलंका हमारा अच्छा दोस्त है। उसके साथ रिश्ते भी बेहतर हैं। श्रीलंका के प्रधानमंत्री राजपक्षे के साथ मेरी मुलाकात बेहतरीन रही। हमारे बीच दोनों देशों के साझा हितों को ध्यान में रखते हुए रिश्ते और मजबूत बनाने पर सहमति बनी है। भारत और श्रीलंका विभिन्न क्षेत्र में अपने सहयोग को और मजबूत करेंगे।
पीएम महिंदा राजपक्षे ने भी शृंगला के साथ मुलाकात को बेहतरी बताते हुए खुशी जाहिर की है। उनके बयान में कहा गया कि श्रीलंका भारत के साथ मिलकर पहले से मजबूत रिश्तों को और मजबूती देंगे। शृंगला ने पीएम राजपक्षे के अधिकारिक निवास टेंपल ट्रीज में राष्ट्रपति महात्मा गांधी को उनकी 152वीं जयंती पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

