देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में प्राधिकरण की टीम ने मसूरी, संस्कृति लोक कॉलोनी, टर्नर रोड और ओगल भट्टा क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृति और आवश्यक अनुमति के किए जा रहे सात निर्माणों को सील कर दिया। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि भवन निर्माण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार, मसूरी में घंटाघर रोड स्थित होटल गोल्डन हैवन के निकट जगमोहन अत्री के भवन में बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण किया जा रहा था। इसे सील कर दिया गया। वहीं, संस्कृति लोक कॉलोनी में नदीम अहमद और शहजाद के व्यावसायिक निर्माणों पर कार्रवाई की गई। इसी कॉलोनी की लेन नंबर-1 में चौधरी द्वारा किए जा रहे निर्माण को भी सील किया गया।

इसके अलावा टर्नर रोड पर बजाज डेयरी के पास सुमित के निर्माण तथा ओगल भट्टा क्षेत्र में कमलेश और रुकसाना/इकबाल के व्यावसायिक निर्माणों को भी सील किया गया।

अवैध निर्माणों पर जारी रहेगी कार्रवाई

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करने के लिए निर्माण गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बिना मानचित्र स्वीकृति या आवश्यक अनुमति के निर्माण करने वालों को नियमों से छूट नहीं दी जाएगी। संबंधित अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बिना स्वीकृति व्यावसायिक निर्माण करना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में सीलिंग समेत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। एमडीडीए ने भवन स्वामियों और निर्माणकर्ताओं से अपील की है कि निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक मानचित्र स्वीकृत कराएं और निर्धारित नियमों का पालन करें।