नैनीताल। चंपावत जिले में जीआईसी चौमेल से सरकारी धन का गबन कर जमानत पर छूटे पूर्व कनिष्ठ सहायक को पुलिस ने स्मैक के साथ दबोचा है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। गबन के आरोप में कनिष्ठ सहायक की सेवाएं भी समाप्त हो चुकी हैं।

एसओ मनीष खत्री ने बताया कि गश्त के दौरान सैरीगैर निवासी मनीष कलौनी पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहा था। संदेह के आधार पर उसे पकड़कर तलाशी ली गई। आरोपी मनीष के पास से 2.22 ग्राम स्मैक बरामद की गई। एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। एसओ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ राजस्व पुलिस क्षेत्र में सरकारी धन के गबन का मुकदमा दर्ज है, उसको वर्ष 2019 में सीबीसीआईडी ने गिरफ्तार किया था। आरोपी मनीष जमानत पर छूटा था।

इधर जीआईसी चौमेल के प्रधानाचार्य दिनेश चंद्र आर्या ने बताया कि विद्यालय के कनिष्ठ सहायक मनीष ने चेक में लिखी गई राशि को अपने हाथों से बढ़ाकर 7.66 लाख रुपये का गबन कर दिया था। उसके खिलाफ 18 सितंबर 2015 में पट्टी पटवारी मंगोली में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। प्रधानाचार्य ने बताया कि गबन के आरोप में पूर्व में उसको निलंबित और जुलाई 2019 में सेवा समाप्त कर दी गई। अगस्त 2019 में अहमदाबाद गुजरात से सीबीसीआईडी ने गिरफ्तार किया था। गबन की गई राशि की एफडी जिला एवं सत्र न्यायालय चंपावत में जमा करने के बाद उसे हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है।