नैनीताल। हल्द्वानी में खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने कहा कि सरकार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को दो हजार ग्रेड पे की सरकारी नौकरी देगी। प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए हर संभव कार्य कर रही है।
अरविंद पांडेय ने जिले के 28 महिला मंगल दलों को चेक बांटे। लाभार्थी दलों को 14268 रुपये के चेक प्रदान किए गए। शिक्षा मंत्री ने अपने भाषण के दौरान लालकुआं विधायक नवीन दुम्का की खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को संभालने की जिम्मेदारी जनता की है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के रूप में शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत, मेयर जोगेंद्र रौतेला को भी आमंत्रित किया गया था लेकिन दोनों कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत का कहना है कि उन्हें कार्यक्रम की विधिवत सूचना नहीं थी इसलिए नहीं पहुंच सके। नगर निगम बोर्ड की बैठक थी, मेयर उसमें शामिल हुए थे। कैबिनेट मंत्री का संभवतः कोई कार्यक्रम रहा होगा। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल मैदान में अब तक खेल गतिविधियां शुरू नहीं सकी हैं। वर्ष 2016 में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने खेल स्टेडियम का लोकार्पण किया था। तब से किसी भी प्रकार के खेलों का यहां आयोजन नहीं हो पाया है।
स्टेडियम के भीतर जगह-जगह जाले लगे हैं। दीवारों में दरारें आ गई हैं। फर्नीचर खराब हो रहा है। स्वीमिंग पूल का कोई इस्तेमाल नहीं हो रहा है। बृहस्पतिवार को खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने कहा कि कोविड के कारण यहां खेल गतिविधियां नहीं सकी थी। जल्द ही स्टेडियम ही खेलों का आयोजन होगा।

