मुज़फ्फरनगर। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देश पर पार्टी का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को खतौली क्षेत्र के फुलत गांव पहुंचा। रालोद नेताओं एवं पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने ग्रामीणों के साथ मौलाना कलीम सिद्दीकी के परिवार वालों से बातचीत की।

इससे पूर्व रविवार को समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल भी मौलाना कलीम सिद्दीकी के स्वजन से मिला था।रालोद नेताओं ने मौलाना कलीम सिद्दीकी के स्‍वजन से कहा कि पार्टी उनके साथ है। उन्हें कानूनी और अन्य सहायता दी जाएगी।

इस दौरान रालोद जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर, पूर्व विधायक राजपाल बालियान, अभिषेक चौधरी गुर्जर, धर्मेंद्र तोमर, पूर्व जिलाध्यक्ष अजित राठी, कृष्णपाल राठी, कमल गौतम, विदित मलिक, मनोज चौधरी, अंकित बालियान, ओमकार बालियान, दीन मोहम्मद, सलीम मलिक आदि मौजूद रहे।

इससे पहले रविवार को सपा प्रतिनिधिमंडल ने फुलत गांव में मौलाना कलीम सिद्दीकी के स्वजन से मुलाकात की थी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पहुंचे सपाइयों ने मदरसे के साथ मौलाना कलीम के पैतृक आवास की जानकारी ली थी। इसके बाद मौलाना के पैतृक आवास पर उनके पुत्र अहमद सिद्दीकी और कुटुंब के लोगों से मुलाकात की थी। सपाइयों ने कहा था कि संकट की घड़ी में वह मौलाना व उनके स्वजन के साथ हैं। कानून के दायरे में रहकर समाजवादी पार्टी हरसंभव मदद करेगी। बताया गया कि सपाइयों ने मौलाना के बेटे से अब तक हुई कार्रवाई का ब्योरा लिया। साथ ही स्वजन को धैर्य से कार्य लेने के लिए ढांढस बंधाया।