देहरादून। प्रदेश में शहीद सम्मान यात्रा के रथों को वीर नारियों ने मंगलवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि एक रथ चमोली जिले के सवाड़ एवं दूसरा पिथौरागढ़ जिले के मूनाकोट जाएगा। 21 अक्तूबर को सवाड़ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और 24 अक्तूबर को पिथौरागढ़ के मूनाकोट में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शहीद सम्मान यात्रा का शुभारंभ करेंगे।

कैंट रोड हाथीबडकला से अशोक चक्र विजेता शहीद गजेंद्र सिंह बिष्ट की पत्नी विनीता बिष्ट एवं शहीद बहादुर सिंह बोहरा की पत्नी शांति बोहरा ने दोनों रथों को रवाना किया। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सैन्यधाम निर्माण के लिए राज्य के शहीद परिवारों के आंगन से पवित्र मिट्टी एकत्र कर लाने के लिए शहीद सम्मान यात्रा निकाली जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वन रैंक वन पेंशन के लिए 14500 करोड़ की धनराशि जारी की। प्रधानमंत्री ने कहा था कि वीर भूमि उत्तराखंड में चार धामों के अलावा पांचवां धाम सैन्यधाम होना चाहिए। सैन्यधाम निर्माण के लिए शहीदों के घरों से पवित्र मिट्टी लाने की मुहिम आज से शुरू कर दी गई है। 21 अक्तूबर को चमोली के सवाड़ में मुख्यमंत्री स्वयं उपस्थित रह कर शहीद सम्मान यात्रा का शुभारंभ करेंगे। जबकि 24 अक्तूबर को पिथौरागढ़ के मूनाकोट में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह इस यात्रा का शुभारंभ करेंगे। सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि राज्य में बन रहा सैन्य धाम इतना भव्य होगा कि उत्तराखंड आने वाले पर्यटक चारों धामों के अलावा पांचवें धाम सैन्यधाम के दर्शन किए बिना नहीं जाएंगे। भाजपा नेता ज्योति गैरोला ने ‘शहीद सम्मान यात्रा’ के कार्यक्रम की जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा श्रीदेव सुमन मंडल अध्यक्ष पूनम नैटियाल ने किया। कार्यक्रम में सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक एवं अपर सचिव मेजर योगेंद्र यादव, शोभा, महावीर राणा, टीडी भूटिया, पद्म सिंह थापा, ज्योति कोटिया, भाजपा शहीद दुर्गामल मंडल के अध्यक्ष राजीव गुरुंग, अनुराग, आरएस परिहार, निरंजन डोभाल आदि मौजूद रहे।