शामली। जिले में एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया है। कैड़ी गांव में बुधवार की देर रात एक मकान में लगी भीषण आग और फिर गैस सिलिंडर में हुए जोरदार धमाके ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग इतनी भयावह थी कि मकान की छत तक ढह गई, जिसके मलबे में दबने से तीनों ने दम तोड़ दिया। घटना का एक 17 सेकेंड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो मंजर की भयावहता को बयां कर रहा है।

कैड़ी गांव के रहने वाले साजिद मोतियों की माला बनाकर अपने परिवार का गुजारा करते हैं। बुधवार रात करीब 10 बजे साजिद अपने दो बेटों रेहान और अशरफ के साथ एक कमरे में सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी शाहिदा (32) अपनी दोनों बेटियों अदन और माहिरा के साथ दूसरे कमरे में थीं। इसी दौरान अचानक शाहिदा के कमरे में आग लग गई। शोर सुनकर ग्रामीण मदद के लिए दौड़े, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इसी बीच कमरे की छत गिर गई और अंदर रखे गैस सिलिंडर में जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और मलबे से शाहिदा, अदन और माहिरा के शव बाहर निकाले गए। गनीमत रही कि साजिद और उनके दोनों बेटे इस हादसे में बाल-बाल बच गए। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

हादसे का जो सीसीटीवी फुटेज मिला है, उसमें साफ दिख रहा है कि पहले घर से धुआं और आग की लपटें निकलती हैं और फिर अचानक एक जोरदार धमाका होता है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर सिलिंडर न फटता तो शायद तीनों की जान बचाई जा सकती थी। परिवार की सदस्य मुनीसा ने बताया कि रात का खाना बनाने के बाद सभी सो गए थे। आग बुझाने में ग्रामीणों को एक घंटे से ज्यादा का समय लगा।

अपनी पत्नी और दो बेटियों को खोने के बाद साजिद पूरी तरह टूट चुके हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में इस घटना के बाद से मातम का माहौल है। पूर्व विधायक राव वारिस ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।