समाजवादी पार्टी के संस्थापक और तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया। मुलायम सिंह यादव पिछले 10 दिन से मेदांता के आईसीयू और सीसीयू में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे थे। आखिरकार सोमवार सुबह आठ बजे के करीब उन्होंने अंतिम सांस ली। वह 82 साल के थे।
मुलायम सिंह यादव यूरिन इन्फेक्शन के चलते 26 सितंबर से मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के ट्विटर हैंडल पर मुलायम के निधन की जानकारी दी। मुलायम की पार्थिव देह सैफई ले जाई जाएगी। मंगलवार को दोपहर 3 बजे उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुलायम सिंह यादव के निधन से देश भर में उनके समर्थकों और विभिन्न राजनीतिक विचारधारा से जुड़कर काम करने वाले राजनीतिक. सामाजिक कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। उनके साथ अपनी कई तस्वीरें पोस्ट कीं। उन्होंने लिखा कि मुलायम जमीन से जुड़े नेता थे, जो लोगों की मुश्किलों को समझते थे। उन्होंने अपनी जिंदगी लोकनायक जयप्रकाश और डॉ. लोहिया के विचारों के लिए समर्पित कर दी। इमरजेंसी के दौरान वे लोकतंत्र के अहम सैनिक थे। रक्षा मंत्री के तौर पर उन्होंने सशक्त भारत के लिए काम किया।
