
नई दिल्ली। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू शनिवार को पाकिस्तान के पीएम इमरान खान को बड़ा भाई बताकर फिर विवादों में घिर गए। दो साल पहले इमरान के शपथ ग्रहण में पाकिस्तानी सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा को गले लगाकर सिद्धू विवादों में घिरे थे। भाजपा ने सिद्धू पर निशाना साधते हुए कहा, हिंदुत्व में बोको हरम देखने वाली कांग्रेस के नेता को अब इमरान खान में ‘बड़ा भाई’ दिखता है।
सिद्धू शनिवार को मत्था टेकने करतारपुर साहिब पहुंचे थे। उनके स्वागत का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में सिद्धू कहते सुनाई देते हैं कि इमरान खान उनके बड़े भाई जैसे हैं और वह उन्हें बहुत प्यार करते हैं।
इसके बाद, भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने उन पर निशाना साधा। कहा, यह गंभीर चिंता की बात है। इसे समझने की जरूरत है कि पूरा तंत्र काम कर रहा है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई नेता इसमें अहम भूमिका में हैं।
सलमान खुर्शीद अपनी किताब में हिंदुत्व में बोको हरम और आईएस की झलक दिखने की बात करते हैं। यह सब तुष्टीकरण की राजनीति के लिए किया जा रहा है। कांग्रेस मानती है कि भारत में एक तबका है जो पाकिस्तान की प्रशंसा करने से खुश होगा, जबकि ऐसा है नहीं।