नई दिल्ली। राजस्थान (Rajasthan) के कोटा (Kota) में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां छोटी पुलिया और चंबल नदी (Chambal River) में एक कार के गिरने से नौ लोगों की मौत हो गई। कार सवार एक शादी में जा रहे थे। क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया है।
कोटा पुलिस ने बताया कि कोटा में एक कार के चंबल नदी में गिरने से 9 शव बरामद किए गए हैं। ये गाड़ी मध्य प्रदेश के उज्जैन बारात लेकर जा रही थी। जान गंवाने वालों में दूल्हा भी शामिल है।
एसपी सिटी कोटा केसर सिंह शेखवत ने कहा कि बरात उज्जैन जा रही थी, बस आगे निकल गई ये गाड़ी रास्ता भटक कर छोटे पुल पर आ गई और नियंत्रण से बाहर होकर नदी में गिर गई। 7 शव गाड़ी से और 2 शव रेस्क्यू ऑपरेशन में पानी से बरामद किए गए हैं।
एसपी ने बताया कि बारात राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा गांव से मध्य प्रदेश के उज्जैन जा रही थी। उन्होंने कहा, “नींद के ड्राइवर ने कार पर से कंट्रोल खो दिया था।”
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घटना पर दुख जताया है। ट्वीट कर कहा, चंबल नदी में कार के गिरने से दूल्हे समेत नौ बारातियों की मौत बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। कलेक्टर से बात कर स्थिति का जायजा लिया है। मेरी गहरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति दे और मैं दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।

