नई दिल्ली। दिल्ली के द्वारका में दुष्कर्म पीड़िता को एक साल तक कथित तौर पर धमकाने के आरोप में फ्रीडम 251 के निर्माता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान सुमित यादव, विनीत कुमार और मोहित गोयल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, शामली के रहने वाले गोयल ने रिंगिंग बेल्स प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना की थी और भारत सरकार के डिजिटल इंडिया प्रोग्राम के तहत सस्ती दरों पर स्मार्टफोन लॉन्च किए थे। इन फोनों का नाम फ्रीडम 251 रखा गया था।

पुलिस ने कहा कि गोयल पहले धोखाधड़ी के 48 मामलों में शामिल था और उसे गिरफ्तार भी किया गया था और बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया था।

पुलिस ने कहा कि वे आरोपी बदला लेना चाहते थे और उन्होंने कथित रूप से पीड़िता को धमकी दी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर यह मामला पिछले साल दिसंबर में दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा इकाई को स्थानांतरित कर दिया गया था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह मामला अगस्त 2020 में सामने आया, जब द्वारका में एक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से दुष्कर्म करने वाली एक महिला ने शिकायत के साथ पुलिस से संपर्क किया। आरोप लगाया कि आरोपी उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहा है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी है।