मुंबई: मनोरंजन जगत से एक बेहद ही चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। जानी-मानी टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले (Sanchita Ugale) अब हमारे बीच नहीं रहीं। महज 30 वर्ष की आयु में संचिता ने नालासोपारा स्थित अपने घर में सुसाइड कर लिया है। इस दुखद घटना के बाद से पूरी टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है और उनके सह-कलाकार स्तब्ध हैं।
घर पर अकेली थीं संचिता, साड़ी का बनाया फंदा
मिली जानकारी के अनुसार, संचिता उगले मुंबई से सटे नालासोपारा इलाके के आचोले गाँव में अपने माता-पिता और एक 15 वर्षीय छोटी बहन के साथ रहती थीं। यह घटना रविवार शाम करीब 6:30 बजे से 7:30 बजे के बीच की बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम करीब 5:30 बजे संचिता की छोटी बहन अंजलि किसी काम से घर से बाहर गई हुई थी। माता-पिता भी घर पर मौजूद नहीं थे, जिसके कारण संचिता घर में पूरी तरह अकेली थीं। इसी सूनेपन का फायदा उठाते हुए अभिनेत्री ने अपने बेडरूम में सीलिंग फैन (छत के पंखे) से साड़ी का फंदा बनाया और फांसी लगा ली।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
जब परिवार के सदस्य घर लौटे, तो संचिता को फंदे से लटका देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में संचिता को फंदे से नीचे उतारा और तुरंत नजदीकी महानगरपालिका के अस्पताल ले गए। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी आचोले पुलिस, नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
घटना की सूचना मिलते ही आचोले पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल और मृतका के पास से किसी भी तरह का कोई सुसाइड नोट (Suicide Note) बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस का बयान: “शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। महिला के पास से कोई नोट नहीं मिला है। आचोले पुलिस ने मामले में एडीआर (ADR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों से पूछताछ की जा रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।”
संचिता उगले की अचानक हुई इस मौत ने एक बार फिर ग्लॅमर इंडस्ट्री के पीछे छिपे तनाव और मानसिक दबाव को लेकर बहस छेड़ दी है।

