लखनऊ। जिंदगी भर के लिए गीता शायद नहीं संभल पाए। उसकी शादी से एक दिन पहले पिता समेत परिवार के पांच लोगों की मौत ने उसे हिलाकर रख दिया है।
बेटी ही नहीं कुनबे के हर व्यक्ति की आंखें नम हो गई। दो एंबुलेंस से जब जयंतीपुर में शव पहुंचे तो महिलाएं दहाड़े मारकर रोने लगीं। जिस घर में शादी की शहनाईयां बजनी थीं। वहां अर्थियां निकली थी। मृतकों को देखने के लिए आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुटे थे।
मुरादाबाद थाना मझोला के जयंतीपुर में शादी की खुशियां हादसे के बाद काफूर हो गईं। बेटी गीता के परिवार के पांच लोगों के शव दोपहर बाद क्षेत्र में पहुंचे। हादसे के बाद से महिलाओं के आंसू थम नहीं रहे थे। गीता की हाथों पर लगी मेहंदी सजी की सजी रह गई। पुलिस ने स्वजन की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। टक्कर मारने वाले डंपर डंपर की तलाश शुरू कर दी।
वहीं मृतकों के स्वजन ने बताया कि हादसे के वक्त लड़की के पिता के हाथ में सोने की अंगूठी, सोने की चेन, रिश्तेदारों के भी हाथों में सोने की अंगूठी, सोने की चेन के अलावा गाड़ी में कुछ पैसे भी रखे थे जो, गाड़ी में नहीं मिले। पुलिस ने डंपर चालक समेत अन्य की तलाश शुरू कर दी है।
पिता पूरन सिंह उत्तराखंड के काशीपुर सुल्तानपुर पट्टी से लगुन लेकर गए थे। वापसी में थाना टांडा क्षेत्र के सीकमपुर गांव के नजदीक ट्रक ने इको संख्या यूपी-25 क्यू डब्लू 9255 कार में टक्कर मार दी। कार पलटने से कार सवार लोगों में गीता के पिता पूरन सिंह दिवाकर, विनोद दिवाकर, मुकेश वर्मा, देवेन्द्र सिंह, परम वीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जयंतीपुर के रहने वाले कार चालक ठाकुर हरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

