मेरठ। कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे हत्यारोपी पिता-पुत्र पर सोमवार को पीड़ित पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस भी मौजूद थी। पुलिसकर्मियों से हाथापाई हुई। घटना के बाद पुलिस ने दोनों हत्यारोपी गिरफ्तार कर लिए और फिर उन्हें कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जानी थानाक्षेत्र के कलंजरी निवासी और आर्य वैदिक इंटर कॉलेज के चैयरमेन इंद्रवीर सिंह (58) की तीन दिन पहले फावड़े से गला काटकर हत्या कर दी गई थी। हत्या में नौराज, उसके बेटे दीपक और ज्योति उर्फ जोगेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
इंद्रवीर के परिजनों को पता चला कि आरोपी नौराज और उसके बेटे कचहरी में गुपचुप तरीके से सरेंडर करने जा रहे हैं। इसलिए वह भी कचहरी पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों को पकड़कर ले जाने की कोशिश की तो पुलिस से हाथापाई हो गई। काफी हंगामे के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को साथ ले गई।

