देहरादून। ताकतवर बनने के लिए आज युवा बाजार में मिलने वाले कई तरह के सप्लीमेंट का इस्तेमाल कर अपनी सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं, लेकिन गोमूत्र और गाय के दूध में इतने गुण हैं, जो आपको सेहतमंद रखते हैं। पहलवान बनने के लिए मांस, अंडे या कई तरह के सप्लीमेंट लेने की जरूरत नहीं। छह घंटे में 15 हजार 949 पुशअप लगाकर गोल्डन बुक में अपना नाम दर्जकर विश्व रिकार्ड बनाने वाले पहलवान संजय सिंह ने युवाओं को सेहतमंद बने रहने का मंत्र दिया।
एक वेडिंग में हो रही गो कथा के अंतिम दिन पहुंचे संत गोपाल मणि महाराज के शिष्य पहलवान संजय सिंह ने कहा कि मैं शाकाहारी हूं यह बात जानकर हर कोई हैरान होता है। उन्होंने बताया कि मैं केवल गाय के दूध, गोमूत्र पीकर पहलवानी करता हूं। और 16 साल मैंने इसी नियम के साथ अभ्यास किया है। कहा कि आज की युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति-खानपान से दूर होती जा रही है। जबकि हमारे पुराणों में तक पंचगव्य के बारे लिखा गया है।
वहीं संत गोपाल मणि महाराज जी कहा कि आज देश के विशेषकर युवाओं के खानपान में बहुत विकृति आ गई है। कहा कि युवाओं को अगर शक्तिशाली और बुद्धिमान बनना है, तो गोमाता के दूध, दही, घी का सेवन करें। आपका शरीर भी और दिमाग भी मजबूत होगा। इसके प्रत्यक्ष उदाहरण पहलवान संजय सिंह है। इस अवसर पर संजय सिंह पहलवान बलवीर सिंह पंवार, शूरवीर सिंह मतुड़ा, यशवंत सिंह भी मौजूद रहे।

