मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक अनोखा वाहन चोर पकड़ में आया है। यह चोर ग्राहकों की डिमांड पर लग्जरी गाड़ियां चुराता था। इसके बाद वह उन्हें कम कीमत पर बेच देता था। सिर्फ इतना ही नहीं यह चोर फ्लाइट से सफर करता था। इस चोर का नाम है शेर सिंह राणा उर्फ शेरा है और वह राजस्थान के भरतपुर का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस ने उसे रिमांड पर ले रखा है।
उज्जैन के कीर्ति नगर में रहने वाले दिनेश खंडेलवाल की बलेनो कार नौ फरवरी को चोरी हो गई थी। नानाखेड़ा पुलिस को संदिग्ध का सीसीटीवी फुटेज मिला था। पुलिस ने जांच-पड़ताल की तो पता चला कि वारदात राजस्थान भरतपुर के शेर सिंह राणा उर्फ शेरा ने की है। इस पर टीम उसे खोजने गई लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा।
इसी बीच शेरा को इंदौर पुलिस ने लसूड़िया क्षेत्र से लग्जरी कार चुराने के मामले में नोएडा से पकड़कर सेंट्रल जेल भेज दिया था। उज्जैन की नानाखेड़ा पुलिस चुराई गई कार के केस में उसे उज्जैन लेकर आई और 5 दिन की रिमांड पर ले लिया।

