दहेज के लिए महिला को बेरहमी से पीटा, मासूम बच्ची को भी जला दिया

मेरठ। दहेज के लिए एक विवाहिता को उसके ससुराल वालों ने बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं उसकी मासूम बच्ची को भी जला दिया। इससे वह झुलस गई। बच्ची को साथ लेकर थाने पहुंची पीड़िता ने पुलिस को मामले से अवगत कराया और नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

शेखान निवासी रिहाना पुत्री इमामुद्दीन ने तहरीर देते हुए बताया कि उसकी शादी छह वर्ष पूर्व बिनौली में हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज को लेकर उसका ससुराल में उत्पीड़न हो रहा है। दो लाख रुपये की मांग उससे दहेज में पति द्वारा की जा रही थी। मना करने पर आए दिन उसे पीटा जाता। यातनाएं दी जाती। आरोप है कि चार दिन पूर्व पति ने उसे दहेज के लिए बेरहमी से पीटा।.

इसी बीच उसकी पुत्री आसमा बीच बचाव में आई तो उसे भी पीटा। बाद में दोनों को जलते हुए चूल्हे में धक्का दे दिया। वह तो बच गई जबकि आसमा आग की चपेट में आकर झुलस गई। बाद में पति ने दोनों को घर से निकाल दिया। शनिवार को पीड़िता ने थाने पहुंचकर पुलिस को मामले से अवगत कराया और पति सहित अन्य ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों का मेडिकल कराया और तहरीर के आधार पर जांच में जुट गई।

advertisement at ghamasaana