मेरठ। यूपी बोर्ड की ओर से आयोजित अंक सुधार बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन शनिवार नौ अक्टूबर को शुरू हो रहा है। पूरे मेरठ क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत आने वाले 17 जिलों की उत्तर पुस्तिका का मेरठ में ही मूल्यांकन होगा।
इस बाबत तीन मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कक्षा 10वीं व 12वी की करीब 1,00,487 उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन करने के लिए 918 परीक्षक नियुक्त किए गए हैं। मूल्यांकन 12 अक्टूबर तक चलेंगे। इंटर की कापियों का मूल्यांकन कनोहर लाल कृष्ण सहाय इंटर कालेज में होगा। यहां करीब 24,805 उत्तर पुस्तिका हैं और 205 परीक्षक नियुक्त किए गए हैं।
हाईस्कूल की कापियों के मूल्यांकन के लिए दो केंद्र बने हैं। इनमें डीएन कालेज और राजकीय इंटर कालेज शामिल हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरजेश चौधरी ने शुक्रवार को आदेश जारी कर मूल्यांकन के लिए नियुक्त परीक्षकों को अनिवार्य रूप से मूल्यांकन केंद्रों पर उपस्थित होने को कहा है। मूल्यांकन समय से समाप्त करना अनिवार्य है।

