मुजफ्फरनगर। थाना एवं गांव भौराकलां के गुंबज शिव मंदिर के कमरे में मंगलवार रात साधु देवानंद भारती (81) की बाइक पर सवार होकर आए दो हमलावरों ने तमंचे से सीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई।
डीआईजी सहारनपुर अभिषेक सिंह और एसएसपी सूरज कुमार राय ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। मौके से खोखा बरामद हुआ है। वारदात में परिचितों के शामिल होने की आशंका है। पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की तलाश कर रही है। गांव के कुरावा मार्ग पर आईटीआई के पास शिव मंदिर में पिछले ढाई दशक से ग्वालियर निवासी सेवानिवृत्त फौजी देवानंद भारती पूजा-पाठ करते थे। मंगलवार रात आठ बजे बाइक पर सवार होकर दो हमलावर पहुंचे और साधु को आवाज देकर कमरे का गेट खुलवा दिया।
दो मिनट बाद ही कमरे से एक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। पास ही आईटीआई में ड्यूटी पर तैनात पीआरडी का जवान मंदिर की तरफ दौड़ा लेकिन तब तक हमलावर फरार हो गए। कमरे में गोली लगा शव पड़ा हुआ मिला। डीआईजी, एसएसपी, एसपी देहात अक्षय संजय महाड़ीक के अलावा भौराकलां, फुगाना, बढ़ाना और तितावी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी सूरज राय ने बताया कि मौके से एक खोखा बरामद हुआ है। वारदात में करीबियों के शामिल होने की संभावना है। सर्विलांस, फोरेंसिक, एसओजी और थाना पुलिस समेत पांच टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।

