इस किले में उनके बेटे ने रखा था शाहजहां को कैद

musamman burz

आगरा। डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन ताज देखने के बाद आगरा किले के भ्रमण को पहुंचीं। आगरा किले में पहुंचने पर उन्होंने उस स्थान को देखने की इच्छा जाहिर की, जहां बादशाह शाहजहां को उनके बेटे ने कैद करके रखा था। इसके बाद उन्हें पर्यटकों के बंद पड़े मुसम्मन बुर्ज को खुलवाया गया।

गाइड नितिन सिंह ने डेनमार्क की पीएम को ताज विजिट के दौरान शाहजहां को कैद किए जाने की जानकारी दी थी। इस पर वह भावुक हो गई थीं। इसके बाद किले में पहुंचने पर उन्होंने उसी स्थान को देखने की ख्वाहिश की, जहां शाहजहां को कैद रखा गया। इसके बाद एएसआई अधिकारियों ने बंद पड़े मुसम्मन बुर्ज और शीश महल को खुलवाया।

उन्हें बताया गया कि यहीं से शाहजहां अपनी कैद के दौरान ताज को निहारा करते थे। आगरा किले में उन्होंने जहांगीरी महल, अंगूरी बाग, शीशमहल और दीवान-ए-खास का भी भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने आगरा की विजिट को यादगार बताया। ताजमहल के भ्रमण के दौरान उन्होंने पार्श्व से यमुना को भी निहारा था। तभी उन्हें महताब बाग की ओर काले ताजमहल की किवंदती के बारे में बताया गया। उन्होंने किले से ताज कॉरीडोर को देखा। गाइड नितिन सिंह ने कहा कि डेनमार्क की प्रधानमंत्री के ताज दौरे से विदेशी पर्यटकों की आमद बढ़ेगी, क्योंकि करीब डेढ़ साल से विदेशी सैलानियों की आवाजाही थमी हुई है।

डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन ने पति बो टेनबर्ग के संग रविवार को ताजमहल और आगरा किले का भ्रमण किया। एक घंटे के विजिट के दौरान उन्होंने ताज के इतिहास के साथ वास्तुकला में खासी दिलचस्पी दिखाई। उन्होंने संगमरमरी ख्वाब से ताज की खूबसूरती की भी तारीफ की। पति के साथ फोटोग्राफी करवाकर यादों को सहेजने में भी वे संजीदा नजर आईं। इस दौरान ताजमहल आम पर्यटकों के लिए बंद रहा।

डेनमार्क की पीएम मेटे फ्रेडरिक्सन पति के साथ सुबह ताजमहल पहुंचीं। फोरकोर्ट में उनका अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद वीडियो प्लेटफॉर्म पर फोटो सेशन कराया। गाइड नितिन ने उन्हें मुगलों के इतिहास, बेगम मुमताज महल की याद में ताजमहल के निर्माण और औरंगजेब द्वारा शाहजहां को बंदी बनाकर रखने के इतिहास के बारे में बताया तो थोड़ी चौंकी और बंदी बनाने के बारे में पूछा। इस दौरान वह तल्लीनता से ताज के इतिहास को सुनती रहीं। ताज की वास्तुकला को अद्भुत कहा तो कई बार उन्होंने ताज की खूबसूरती पर वेरी नाइस कहकर टिप्पणी की। डेनमार्क की पीएम ने काले ताजमहल के बारे में भी सवाल पूछा। इस पर गाइड ने बताया कि काला ताज कपोल कल्पना ही है। करीब एक घंटे तक ताज की खूबसूरती में खोई रहीं मेटे ने अपने पति के साथ फोटोग्राफ खिंचाने में भी कोताही नहीं बरती।

advertisement at ghamasaana