हरिद्वार। रैपिड मोल्डिंग फैक्ट्री में गुरुवार को मशीन के तारों में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। देखते ही देखते भीषण आग लग गई। आग लगने से वहां मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और वह कंपनी से बाहर की तरफ भागने लगे। सूचना पर अग्निशमन विभाग की सात से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंची और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सिडकुल थाना क्षेत्र में स्थित रैपिड मोल्डिंग फैक्ट्री में प्लास्टिक के सामान बनाने का कार्य होता है। बृहस्पतिवार की सुबह फैक्ट्री में मशीनें चल रही थी। इस दौरान मशीन के तार में शॉर्ट सर्किट हो गया और धुआ उठने लगे। कंपनी में मौजूद कर्मचारियों ने धुए पर काबू पाने का प्रयास किया। मगर धीरे-धीरे आग ने प्लास्टिक के सामान को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया।
आग बढ़ती देखकर फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों ने हडकंप मच गया और वह कंपनी से बाहर की तरफ भागने लगे मुख्य अग्निशमन अधिकारी हरिद्वार नरेंद्र सिंह कुंवर ने बताया कि सुबह छह बजे कंट्रोल रुम को सूचना मिली कि कंपनी में आग लग गई है। जिसके बाद सिडकुल अग्निशमन केंद्र से एफएसओ हरीश तिवारी के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
इसके बाद मायापुर अग्निशमन केंद्र से सीएफओ नरेंद्र सिंह कुंवर भी अग्निशमन की गाड़ियों को लेकर मौके पर पहुंचे। मगर आग लगातार बढ़ती ही रही। वहीं रूड़की अग्निशमन केंद्र से एक, बीएचईएल से एक व सीआईएसएफ की भी एक गाड़ी मंगाकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग पर काबू पाने के बाद प्लास्टिक से बार-बार धुआं उठता रहा। जिसके बाद इस आग को सुबह दस बजे तक पूरी तरह से बुझा दिया गया। फैक्ट्री में लगे प्लास्टिक के सामान से उठते हुए धुंए के चलते टीम को आग बुझाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
आग लगने से हुए नुकसान के बाद फैक्ट्री के मालिक सामान की लिस्ट तैयार करने में जुटे हुए हैं। हालांकि आग लगने से कोई जन हानि नहीं हुई।

